राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत मंगलवार को कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत समीचा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, पावर हाउस समीचा के समीप गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से पेड़ों की कटाई करवाने, डांग का वास स्थित भूत का खादर श्मशान पर टीनशेड निर्माण, श्मशान भूमि को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय देवी का वास के नवीन भवन के लिए भूमि आवंटित करने तथा नियमित रोडवेज बस सेवा प्रारंभ करवाने की मांग रखी। उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्राथमिकता से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
सहायक विकास अधिकारी श्री राजेश जोशी ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों के 11 खातों का शुद्धिकरण, आपसी सहमति से 34 प्रकरणों में मौके पर राजस्व अभिलेखों की प्रतियां उपलब्ध कराना, 10 नामांतरण तथा 2 सीमा ज्ञान प्रकरणों का निस्तारण किया गया। साथ ही 12 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन जारी किए गए।

पंचायती राज विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन के 3 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु 2 आवेदन स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के एक उपयोगिता प्रमाण पत्र का भी निर्माण किया गया। कृषि विभाग ने तारबंदी के 3 तथा पाइपलाइन के 2 आवेदन ऑनलाइन किए तथा 10 मृदा नमूनों की जांच कर कृषकों को जागरूकता साहित्य वितरित किया।
महिला अधिकारिता विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत प्रथम पुत्री जन्म पर श्रीमती भावना कुंवर के साथ केक काटकर जागरूकता संदेश दिया गया। आयुर्वेद विभाग ने 34 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पशुपालन विभाग ने 157 पशुओं के लिए औषधि वितरण किया तथा मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 9 पॉलिसियों का वितरण किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 132 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया, 94 बीपी एवं शुगर जांच की तथा 44 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की।
रोडवेज विभाग द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के 3 वरिष्ठ नागरिकों को रियायती यात्रा पास जारी किए गए। राजीविका के माध्यम से माताजी स्वयं सहायता समूह का गठन कर मौके पर 2 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।
शिविर में सहायक विकास अधिकारी श्री राजेश जोशी, ग्राम विकास अधिकारी श्री कैलाश विश्नोई, श्री जितेन्द्र राव, राजस्व निरीक्षक श्री जयदेव सिंह सोलंकी, पटवारी सुश्री रवीना चौधरी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नमोनारायण मीणा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेन्द्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
