राज्य सरकार के निर्देशानुसार केंद्र एवं राज्य वित्त पोषित योजनाओं के अंतर्गत जिले में संचालित व्यावसायिक शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण तथा उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर समन्वय के उद्देश्य से बुधवार शाम जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में जिला कौशल एवं उद्यमिता समिति की प्रथम बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिला कलक्टर ने समिति के सदस्यों के साथ जिले में कौशल अंतर (स्किल गैप) के आकलन, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय, रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों, तथा रोजगार एवं प्रशिक्षण संबंधी जागरूकता एवं परामर्श गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों को कौशल विकास कार्यक्रमों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित करते हुए अधिकाधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेश बुनकर, आयुक्त नगर परिषद, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, सहायक श्रम आयुक्त, राजकीय महाविद्यालय राजसमंद के प्रतिनिधि, राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्राचार्य, जिला कौशल समन्वयक आरएसएलडीसी, अग्रणी जिला प्रबंधक, मार्गदर्शी बैंक के प्रतिनिधि, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि श्री फतेह सिंह राव तथा उद्योग संघ के प्रतिनिधि श्री संदीप सहित समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सदस्यों ने कौशल विकास एवं उद्यमिता को प्रोत्साहन देने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक के अंत में जिला रोजगार अधिकारी श्री राजू सिंह चौहान ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी समिति बैठक से पूर्व सौंपे गए कार्यों की अनुपालना रिपोर्ट निर्धारित समय में उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
