ब्रेकिंग

राजसमंद झील की इरिगेशन पाल टूटने की सूचना पर मॉक ड्रिल आयोजन

677923

ऐतिहासिक राजसमंद झील स्थित इरिगेशन पाल टूटने तथा जलराशि के तेज बहाव की सूचना के आधार पर शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना रहा।

मॉक ड्रिल की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा एवं पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। इस दौरान उपखंड अधिकारी श्री बृजेश गुप्ता, तहसीलदार श्री पुष्पेंद्र सिंह सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक निर्धारित समय पर घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया।

अभ्यास के दौरान आपदा में घायल हुए व्यक्तियों को रेस्क्यू टीमों द्वारा सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल कमला नेहरू राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किए गए। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखते हुए आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, संचार व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया। सभी विभागीय टीमें निर्धारित समय पर मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन किया। अभ्यास के दौरान आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए आपदा प्रबंधन से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन किया गया।

जिला कलक्टर ने मॉक ड्रिल के उपरांत संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को निरंतर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *