राजसमंद की कांकरोली थाना पुलिस ने दिन में सूने मकानों की रेकी कर चोरी करने वाली एक अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
मामला धोइन्दा के गोविन्द नगर का है, जहां 9 अगस्त को चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर 13 तोले सोने के गहने और 2 लाख रुपये कैश पार कर दिए थे। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर गठित पुलिस और साइबर टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले और दबिश देकर तीन शातिर अभियुक्तों—उमराव लोहार, बाबू लाल शर्मा और सावरमल बागरिया को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कांकरोली के अलावा जयपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और दिल्ली में भी चोरी की वारदातें कबूल की हैं। आरोपी उमराव और सावरमल पर पहले से कई थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी सत्यनारायण और रामबीर फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
