ब्रेकिंग

पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किया संवाद, नशे से दूर रहने का किया आह्वान

793494

नशामुक्त समाज के निर्माण, विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने के उद्देश्य से मंगलवार को स्मार्ट स्टडी इंटरनेशनल स्कूल, नाथद्वारा में विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों के साथ नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।

बैठक में डीएसपी राजसमंद नेत्रपाल सिंह तथा एडीईओ शिक्षा राजेंद्र सिंह चारण सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते प्रभाव, इसके व्यक्तिगत एवं सामाजिक दुष्परिणामों तथा युवाओं की जिम्मेदारी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान ‘ड्रग फ्री राजसमंद’ अभियान के साथ पुलिस विभाग की ओर से संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्र एवं ‘लक्ष्मण रेखा’ जैसे अभियानों के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न प्रश्न अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं तथ्यपरक तरीके से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन एवं जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय निदेशक मनोहर लाल भाटिया, श्याम भाटिया एवं तिलकेश भाटिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक बनाना विद्यालय की प्राथमिकता है। प्रधानाचार्य डॉ. पारुल जोशी ने अधिकारियों एवं विद्यार्थियों के बीच हुए संवाद को उपयोगी बताते हुए कार्यक्रम में मिली सीख को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। बैठक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे सहित विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग रहते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *