जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने ग्राम पीपरड़ा में संचालित अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता देखी तथा साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

जिला कलक्टर ने रसोई में भोजन तैयार करने वाली महिलाओं से भी संवाद किया और रसोई के संचालन, प्रतिदिन भोजन करने वाले लोगों तथा भोजन तैयार करने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने आमजन से अन्नपूर्णा रसोई का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं सम्मानजनक तरीके से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में अन्नपूर्णा रसोई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
