ब्रेकिंग

केलवा थाने में पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कलाल ने की जनसुनवाई

28_09_2026_RAJSAMAND_PRESS_NOTE_04-2

जिला पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कलाल ने सोमवार को केलवा थाना परिसर में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा पुलिस अधिकारियों को प्राप्त परिवादों एवं समस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल, बिजली केबल एवं पानी की मोटरों की चोरी, रात्रि गश्त, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक श्री कलाल ने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस एवं आमजन के समन्वय से रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने सिरोड़ी गांव में ग्रामीणों एवं पुलिस के समन्वय से संचालित गश्त व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से अपराधों की रोकथाम को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

जनसुनवाई के दौरान नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा संचालित अभियान पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। श्री कलाल ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री की रोकथाम में आमजन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेंद्र पारीक ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ग्रामीणों से पुलिस एवं प्रशासन का सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

बामन टुकड़ा एवं केलवा क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कटर एसोसिएशन द्वारा प्रमुख चौराहों पर 10 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की घोषणा की गई। कैमरों के माध्यम से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम में सहायता मिलेगी।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बामन टुकड़ा क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन एवं सर्विस लाइन पर वाहनों के जमावड़े से उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं से भी पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी की तैनाती की मांग रखी।

पुलिस अधीक्षक श्री कलाल ने बढ़ते साइबर अपराधों के दृष्टिगत आमजन को सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। इस अवसर पर साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन भी किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *