ब्रेकिंग

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राजसमंद पुलिस ने खेलों के माध्यम से दिया राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश

28_09_2026_RAJSAMAND_PRESS_NOTE_01-3

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे खेल कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला पुलिस राजसमंद द्वारा रविवार को 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कलाल के निर्देशन में आयोजित इन खेल गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता, अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, टीम भावना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

प्रातः 6:30 बजे 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ रामेश्वर महादेव लिंक रोड से प्रारंभ हुई, जो धोइंदा बाईपास, टीवीएस चौराहा एवं 100 फीट रोड से होते हुए कलेक्ट्रेट के सामने स्थित शहीद स्मारक पर संपन्न हुई। मैराथन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जवानों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली एवं नशे से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया।

मैराथन में मुकेश तेली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस कांस्टेबल बलवंत सिंह द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि देवाराम एवं शिवम ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

धोइंदा की टीम ने जीती वॉलीबॉल प्रतियोगिता

खेल कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित खेल मैदान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में धोइंदा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जिला पुलिस राजसमंद की टीम द्वितीय स्थान पर रहकर उपविजेता बनी।

कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ श्री बंशीलाल एवं पुलिस उप अधीक्षक श्री मुकेश कुमार ने मैराथन के विजेता प्रतिभागियों तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और अनुशासन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में भाईचारे, स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना एवं नशामुक्ति का संदेश दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *