प्रदेश भर में स्वास्थ्य और सही पोषण को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत राजसमंद जिले में खाद्य सुरक्षा टीम एक्शन मोड में आ गई है।

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को खान-पान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

16 अक्टूबर तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान के तहत सीएमएचओ डॉ. हेमंत कुमार बिन्दल के अनुसार, खाद्य सुरक्षा टीम स्कूलों और कॉलेजों की मैस व कैंटीन का औचक निरीक्षण कर सैंपल इकट्ठा कर रही है। इसी क्रम में, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा ने इम्मानुअल मिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक्स, अधिक तेल, नमक और शक्कर से होने वाली गंभीर बीमारियों—जैसे मोटापा, हाई बीपी और हार्ट अटैक—के बारे में सतर्क किया।
विद्यार्थियों को पैक्ड फूड पर वेज-नॉनवेज मार्क पहचानने, एक्सपायरी डेट देखने और एफएसएसएआई (FSSAI) के फूड फोर्टिफिकेशन की जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों को ताज़ा, अंकुरित अनाज, दूध, फल-सब्जियां खाने और जंक फूड से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। स्कूल निदेशक रेडी जॉर्ज ने भी बच्चों को खाते समय मोबाइल-टीवी न देखने और दैनिक व्यायाम करने की सलाह दी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल कुमार जाट, मुकेश कटारा और सीमा कुमारी भी मौजूद रहे।
