खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनों के सुख-दुख में साथ खड़े रहना भी इसकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। इसी संवेदनशीलता का उदाहरण पेश किया है राजसमन्द पुलिस परिवार ने।
राजसमन्द जिले में कार्यरत दिवंगत कांस्टेबल स्वर्गीय श्री श्यामलाल जी (बेल्ट नंबर 809) के असमय निधन के बाद, उनके परिवार को संबल देने के लिए राजसमन्द पुलिस आगे आई है। पुलिसकर्मियों द्वारा आपस में स्वेच्छा से एकत्रित की गई राशि में से दिवंगत कांस्टेबल की पत्नी श्रीमती कान्ता के नाम 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक तैयार किया गया।
यह सहायता राशि का चेक आज राजसमन्द के पुलिस अधीक्षक श्री हेमन्त कलाल ने स्व. श्यामलाल के पुत्र भारत सालवी को सौंपा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में पीड़ित परिवार को आर्थिक राहत पहुंचाना और यह भरोसा दिलाना है कि पूरा पुलिस परिवार हर मोड़ पर उनके साथ खड़ा है। राजसमन्द पुलिस की यह अनोखी और संवेदनशील पहल उनके आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की एक मिसाल बनकर उभरी है।
