ब्रेकिंग

सुरक्षा समिति बैठक में हेलमेट प्रवर्तन को सर्वोच्च प्राथमिकता, सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर घटाने की कार्ययोजना स्वीकृत

323781

राजसमंद जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वप्रथम पीडबल्यूडी के अधीक्षण अभियंता आर एल मेहता द्वारा गत बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके बाद जिला कलक्टर ने जिला सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए वर्ष 2026 तक सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में 25 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य के साथ प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में एडिशनल एसपी रजत बिश्नोई सहित पीडबल्यूडी, परिवहन, एनएच, चिकित्सा, उद्योग, प्रदूषण नियंत्रण आदि से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।  

बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्गों तथा दोपहिया वाहनों से संबंधित दुर्घटनाएं अधिक होना सामने आया। जिले में कुल वाहनों में लगभग 76 प्रतिशत हिस्सेदारी दोपहिया वाहनों की होने के कारण इनकी संवेदनशीलता अधिक बताई गई। वर्ष 2024 में 222 तथा वर्ष 2025 में 241 मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में दर्ज होने पर चिंता व्यक्त की गई। विशेष रूप से मोटरसाइकिल चालकों एवं सवारों में सिर की चोट को मृत्यु का प्रमुख कारण मानते हुए हेलमेट प्रवर्तन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। जिला कलक्टर ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट उपयोग सुनिश्चित कराने तथा ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन और शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। आमजन से अपील की गई कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

बैठक में ई-डार पोर्टल पर दुर्घटना संबंधित विवरण एवं साइट रिपोर्ट नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। पीएम राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की सूचना संबंधित पोर्टल पर अद्यतन करते हुए योजना का लाभ दिलाया जाए और तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। बताया गया कि भारत सरकार द्वारा 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 1.5 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार अधिकतम सात दिन तक उपलब्ध कराया जा रहा है।

बैठक में परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त निरीक्षण दल गठित कर वाहन चेकिंग अभियान नियमित चलाने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीड, बिना नंबर प्लेट और बिना रिफ्लेक्टर वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक माह की गई कार्यवाही से समिति को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने पर विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा क्लब गठन तथा नियमित गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया गया।

बैठक के अंत में गुड सेमेरिटन योजना के अंतर्गत केलवा के निकट सड़क दुर्घटना में घायल महिला को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर जीवन बचाने वाले जोधपुर निवासी संजय सिंह को जिला कलक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिला कलक्टर ने कहा कि जनसहभागिता और नियमों के पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जासकती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *