रविवार को नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के खमनोर पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायतों गांवगुड़ा और झालो की मदार में आयोजित ग्राम रथ कार्यक्रम में सहभागिता कर ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रथ का स्वागत किया।

विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र एवं सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सड़क, विद्युत, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों के माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।
हर ग्रामीण उठाए योजनाओं का लाभ:
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम रथ का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ हर गाँव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधि-अधिकारी रहे मौजूद:
कार्यक्रम के दौरान विकास अधिकारी खमनोर हनुवीर सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत के नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार विकास की गति बनाए रखने की अपेक्षा जताई। विधायक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
