राजसमंद जिले में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुर्वेद विभाग द्वारा 50 दिवसीय विशेष ‘काउंटडाउन’ कार्यक्रम का आगाज किया जा चुका है। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. रमेश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री और विभाग के निर्देशानुसार, जिले में योग को जन-आंदोलन बनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्लॉक स्तर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और ग्राम पंचायत स्तर तक हर नागरिक को योग से जोड़ा जा रहा है।

इसी क्रम में, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र, राजसमंद की प्रभारी डॉ. रामकन्या मेनारिया ने बताया कि शहर के जे.के. गार्डन और योग प्राकृतिक केंद्र पर प्रतिदिन सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन केंद्रों पर पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाएं।
योग के साथ-साथ मानसिक तनाव को दूर करने के लिए केंद्र पर ‘विश्व हास्य दिवस’ का भी विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ठहाकों के जरिए लोगों को सकारात्मक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महिला ट्रेनिंग सेंटर की वार्डन सुशीला, डॉ. धनंजय किर, नर्स पूनम, तान्या गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग और योग साधक उपस्थित रहे।
