राजसमंद जिले के नाथद्वारा में खुशियों के साथ ननिहाल जा रहे एक 14 वर्षीय बालक की पानी में डूबने से मौत हो गई। लालमादड़ी क्षेत्र में स्थित एक माइंस में भरे पानी ने मासूम प्रकाश की जिंदगी लील ली।
जानकारी के अनुसार प्रकाश अपने ननिहाल जा रहा था। रास्ते में एक माइंस में जमा पानी को देखकर वह खुद को रोक नहीं पाया और नहाने के लिए बावड़ी में उतर गया। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह पानी उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। पानी की गहराई अधिक होने के कारण प्रकाश संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में डूब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही नाथद्वारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद की सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया। सिविल डिफेंस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बालक के शव को बावड़ी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
