नाथद्वारा क्षेत्र में बिजनोल पेट्रोल पंप पर लूट की बड़ी साजिश को नाथद्वारा ग्रामीण पुलिस थाना ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध देशी पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, तलवार, चाकू, लोहे की रॉड, मिर्ची पाउडर और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
राजसमंद एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि विशेष अभियान के तहत सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश बिजनोल पेट्रोल पंप के पास बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। इस पर डीवाईएसपी शिप्रा राजावत के निर्देशन एवं नाथद्वारा ग्रामीण थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर पांचों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में हारिस उर्फ मोहित, मुकेश उर्फ कृष्णा, चांद मोहम्मद, दिलशाद और समीर खान शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों पर हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी हारिस और मुकेश पर करीब 17-17 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
