ब्रेकिंग

नर्सिंग दिवस पर राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने नर्सिंग कर्मियों को सम्मानित किया; प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय आह्वान को बताया जन चेतना का माध्यम

372227

अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, उदयपुर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले नर्सिंग कर्मियों को सम्मानित किया। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि नर्सिंग चिकित्सा परितंत्र की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके बिना स्वास्थ्य सेवाओं की कल्पना भी संभव नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विगत 12 वर्षों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण परिवर्तनों की सराहना करते हुए कहा कि देश के प्रत्येक जिले में चिकित्सा महाविद्यालय एवं नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना, चिकित्सा शिक्षा में अवसर बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जो भारत की स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ आधार प्रदान करती है।

विधायक दीप्ति ने खाड़ी युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक संकट का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल के उपयोग में संयम, घर से कार्य करने को प्रोत्साहन, एक वर्ष तक सोना न खरीदने, विदेश में मांगलिक समारोह आयोजित न करने तथा रासायनिक खाद के उपयोग में संयम बरतने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह आह्वान भारत को आत्मनिर्भर, ऊर्जा-सुरक्षित और सशक्त बनाने का एक सहज एवं व्यावहारिक मार्ग है। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने नर्सेज एसोसिएशन से आग्रह किया कि वे इस संबंध में जन चेतना का कार्य करके राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष परमार, जिलाध्यक्ष पवन कुमार, कोषाध्यक्ष दानाध्यक्ष तथा मुख्य आयोजक लक्ष्मीनारायण चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। विधायक महोदया ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं नर्सिंग कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *