राजसमंद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने और मरीजों को दलालों के चंगुल से बचाने के लिए राजसमन्द विधायक दीप्ति माहेश्वरी आज अचानक एक्शन मोड में नजर आईं। विधायक ने आज आर.के. राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान विधायक का सख्त तेवर देखने को मिला, जहाँ उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें अस्पताल परिसर में एक भी दलाल बर्दाश्त नहीं है।

अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मरीजों की शिकायतों पर विधायक ने डॉक्टरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा, “अगर मरीज को सरकारी अस्पताल आने के बाद भी डॉक्टर के घर जाकर अलग से 300 रुपए देने पड़ें, तो ऐसे सरकारी तंत्र का क्या फायदा?” विधायक ने डॉक्टरों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने व्यक्तिगत संबंध अस्पताल के बाहर रखें और किसी भी गुंडे या दलाल की पैरवी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पताल में सिर्फ इलाज ही नहीं, बल्कि पार्किंग के नाम पर भी अवैध वसूली का खेल सामने आया। पार्किंग व्यवस्था में भारी अनियमितताएं देख विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि पार्किंग ठेकेदार और धांधली में शामिल नामजद व्यक्ति के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों और परिजनों से पार्किंग के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं होगी।
