राजसमंद आगामी 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के तहत राजसमंद जिले में ग्राम रथों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों राजसमंद, नाथद्वारा, कुंभलगढ़ और भीम में 15 मई तक ये ग्राम रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों, ग्रामीणों एवं आमजन को राज्य सरकार की कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक ग्राम रथों का स्वागत करते हुए सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
अभियान के तहत ग्राम रथ विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं गांवों से गुजरते हुए लोगों को ग्राम-2026 के उद्देश्यों, आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार, प्राकृतिक खेती, कृषि आधारित उद्यमिता तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक कर रहे हैं। रथ बडारडा, पीपरडा, फरारा, कानादेव का गुडा, कूकडा, बली, टोगी, थानेटा, रामपुर, सालोर, मण्डियाणा, उथनोल, उमरवास, सैवन्त्री, मानावतों का गुडा, झीलवाडा, गढबोर तथा टाडावाडा गुजरान सहित अनेक गांवों से होकर गुजरे, जहां ग्रामीणों ने रथों के माध्यम से प्रदर्शित सामग्री, संदेशों एवं जानकारी में विशेष रुचि दिखाई।
ग्राम रथों के साथ लोक कलाकार भी शामिल हैं, जो लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नुक्कड़ शैली में जनजागरण संदेश देकर ग्रामीणों को आकर्षित कर रहे हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कृषि उन्नयन, जल संरक्षण, तकनीकी खेती, फसल विविधीकरण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी रोचक और प्रभावी तरीके से दी जा रही है। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों में विशेष उत्साह का वातावरण बनाया और जनजागरण अभियान को जीवंत स्वरूप प्रदान किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 कृषि क्षेत्र में नवाचार, निवेश, तकनीक और संभावनाओं का बड़ा मंच होगा, जहां किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को नई दिशा मिलेगी। ग्राम रथों के माध्यम से ग्रामीणों को इस आयोजन की महत्ता बताते हुए अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रथों पर प्रदर्शित प्रचार सामग्री और संवाद के जरिए किसानों को सरकार की उपलब्धियों, कृषि विकास कार्यक्रमों तथा किसान हितैषी पहलों से भी अवगत कराया जा रहा है
जिले में चल रहा यह जनजागरण अभियान ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहा है। ग्रामीणों ने इसे उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से योजनाओं की जानकारी सीधे गांवों तक पहुंच रही है और किसानों में नई सोच विकसित हो रही है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्राम-2026 के प्रति उत्साह और जागरूकता दोनों का विस्तार हो रहा है।
