राजसमंद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजसमंद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। आरके (RK) जिला अस्पताल में तैनात जूनियर स्पेशलिस्ट (सर्जरी) डॉ. पंकज जैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह पूरी कार्रवाई एसीबी राजसमंद के एडिशनल एसपी हिम्मत सिंह चरण के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

जानकारी के अनुसार, परिवादी के पुत्र की आंख के पास एक सिस्ट (गांठ) थी, जिसे हटाने के लिए सरकारी अस्पताल में इस इलाज के एवज में डॉ. पंकज जैन ने परिवादी से ₹2,000 की रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा ₹1,800 में तय हुआ।

शिकायत पर एडिशनल एसपी हिम्मत सिंह चरण के नेतृत्व में टीम ने मामले का सत्यापन करवाया, जिसमें डॉक्टर ने पहली किस्त के रूप में ₹500 ले लिए। इसके बाद, जैसे ही आरोपी डॉक्टर पंकज जैन बकाया ₹1,300 की राशि ले रहा था, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है।
