माय भारत केन्द्र, राजसमन्द द्वारा तैयार किए गए “नेशन फर्स्ट चैलेंज” पोस्टर का शुक्रवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने विमोचन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, जिला युवा अधिकारी हेमंत कुमार मथुरिया, लेखा एवं कार्यक्रम अधिकारी हनवंत सिंह चौहान, सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक डॉ. पीयूष भंडारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विमोचन के अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं युवाओं का आह्वान किया कि नेशन फर्स्ट चैलेंज के अंतर्गत संचालित पांच प्रमुख जनजागरूकता अभियानों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा आमजन को इन अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से स्थानीय उद्योगों एवं उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मजबूती मिलेगी। इसी प्रकार खाद्य तेल के अत्यधिक उपयोग में कमी लाने, पेट्रोल एवं डीजल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे प्रयास आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
माय भारत केन्द्र द्वारा तैयार किए गए पोस्टर में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने, खाद्य तेल की खपत कम करने, ईंधन की बचत करने, प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होने तथा “वोकल फॉर लोकल टूरिज्म” को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया है। इन अभियानों के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा स्थानीय संसाधनों एवं उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की भागीदारी से इन अभियानों को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। माय भारत केन्द्र के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर इन संदेशों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
