ब्रेकिंग

मोरचा शिविर में चुन सिंह को मौके पर ही शौचालय निर्माण की स्वीकृति

645991

राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत गुरुवार को कुंभलगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत मोरचा में फॉलोअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रभारी अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी कुंभलगढ़ साक्षी पुरी के निर्देशन में किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

शिविर में ग्राम पंचायत मोरचा निवासी चुन सिंह खरवड़ ने अपने घर में शौचालय नहीं होने से महिलाओं एवं बुजुर्गों को होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। इस पर तहसीलदार पर्वत सिंह राठौड़ ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पंचायत स्तर पर आवश्यक दस्तावेज तैयार कर विकास अधिकारी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण हेतु 12 हजार रुपये की स्वीकृति मौके पर ही जारी की गई। लाभार्थी ने त्वरित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान यह भी सामने आया कि जानकारी के अभाव में एक महिला अपने पति की मृत्यु के बाद पिछले पांच वर्षों से संबंधित योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सकी थी। अधिकारियों ने उसे आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित कराई।

सहायक विकास अधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग द्वारा तीन राजस्व अभिलेख खातों का शुद्धिकरण, चार नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण तथा दो कृषक प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त 10 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्रों के आवेदन तैयार कर तत्काल ऑनलाइन किए गए।

पंचायती राज विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत छह व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के आवेदन स्वीकृत किए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन उपयोगिता प्रमाण पत्र तैयार किए गए। पांच जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।

कृषि विभाग द्वारा दो तारबंदी तथा एक पाइपलाइन योजना का आवेदन ऑनलाइन किया गया तथा किसानों को कृषक जागरूकता साहित्य वितरित किया गया। आयुर्वेद विभाग ने 26 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया, जबकि चिकित्सा विभाग द्वारा 15 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। पशुपालन विभाग ने 26 रोगग्रस्त पशुओं के लिए औषधि वितरण किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के दो आवेदन तैयार किए गए तथा छह पोषण किट वितरित की गईं। पालनहार योजना के पांच प्रकरणों में त्रुटि सुधार एवं सत्यापन किया गया। वहीं राजीविका के माध्यम से दो स्वयं सहायता समूहों की ऋण पत्रावलियां तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित की गईं।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *