ब्रेकिंग

नाबार्ड का 45वां स्थापना दिवस एवं विश्व युवा कौशल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया

611755

राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को रेलमगरा में आयोजित कार्यक्रम में विश्व युवा कौशल दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, कौशल उन्नयन, उद्यमिता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) श्री आशीष जैन, भारतीय स्टेट बैंक के लीड जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री दिनेश दामोर, एसके माइंस, हिंदुस्तान जिंक के यूनिट हेड श्री सचिन देशमुख, डिप्टी सीएसआर हेड श्री अभय गौतम, सेंटर हेड श्री अंकुश जैन सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, ग्रामीण युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीण युवाओं को पौधों का वितरण किया गया तथा सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री आशीष जैन ने नाबार्ड की 45 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान ग्रामीण विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूह-बैंक लिंकेज कार्यक्रम, ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), जनजातीय विकास तथा कृषि एवं पशुपालन में नवाचार आधारित परियोजनाओं के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण युवाओं का आह्वान किया कि वे कौशल आधारित स्वरोजगार एवं उद्यमिता को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास न केवल युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करता है।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास एवं ग्रामीण सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *