राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के सदस्य सचिव तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्री भारत भूषण पाठक ने बुधवार को वृद्धाश्रम मोही का मासिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में कुल 10 वृद्धजन उपस्थित मिले। सचिव श्री पाठक ने वृद्धजनों से भोजन, आवास, स्वास्थ्य एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। वृद्धजनों ने भोजन एवं अन्य सुविधाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण में पाया गया कि वृद्धजनों को निर्धारित मीनू के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सचिव ने वृद्धजनों के बिछोने के चद्दर एवं तकियों को नियमित अंतराल पर धुलवाने तथा बिस्तरों को समय-समय पर खुले मौसम में रखने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर बनी रहे। उन्होंने वृद्धाश्रम की समस्त व्यवस्थाओं को नियमित रूप से सुव्यवस्थित रखने तथा वृद्धजनों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि चिकित्सक द्वारा 08 सितंबर को वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। निरीक्षण के समय सभी वृद्धजन वृद्धावस्था जनित सामान्य बीमारियों के अतिरिक्त स्वस्थ पाए गए। वृद्धाश्रम में वृद्ध पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरों की व्यवस्था है। साथ ही वृद्धजनों के मनोरंजन के लिए गृह में टीवी की सुविधा भी उपलब्ध है।
श्री पाठक ने वृद्धजनों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित व्यवस्थापकों को आवश्यकतानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
