ब्रेकिंग

पैदल कोर्ट पहुंचकर सभी न्यायाधीशों ने दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

399573

माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय की प्रेरणा से मंगलवार सुबह जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के नेतृत्व में राजसमंद जिले के न्यायिक अधिकारियों ने सामूहिक रूप से पैदल चलकर न्यायालय पहुंचते हुए ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर एमएसीटी न्यायाधीश श्री अश्वनी कुमार यादव, पारिवारिक न्यायालय न्यायाधीश श्री सूर्य प्रकाश पारीक, एसीडी न्यायालय न्यायाधीश श्री अनिल कुमार शर्मा, पोक्सो न्यायालय न्यायाधीश श्रीमती अभिलाषा शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री सुनील कुमार ओझा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भरत भूषण पाठक, सीजेएम श्रीमती ममता सैनी, एसीजेएम श्रीमती अनीता शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट साक्षी शर्मा एवं विशिष्ट न्यायाधीश (एनआई एक्ट) श्री यतीन्द्र चौधरी उपस्थित रहे।

सुबह 7 बजे सभी न्यायिक अधिकारी जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा के निवास पर पैदल पहुँच कर एकत्रित हुए। यहां से सभी अधिकारी पुनः सामूहिक रूप से पैदल न्यायालय परिसर के लिए रवाना हुए। इस दौरान अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। न्यायालय परिसर तक पैदल पहुंचने की इस पहल ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया तथा उपस्थित लोगों ने इसकी सराहना की। न्यायिक अधिकारियों ने संदेश दिया कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती अल्का शर्मा ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं माननीय उच्च न्यायालय की प्रेरणा से राजसमंद के न्यायिक अधिकारियों का यह पहल की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वर्तमान को मध्यनजर रखते हुए जहां संभव हो वहां पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने तथा साझा परिवहन को अपनाने का प्रयास करें। इस प्रकार की पहल न केवल ईंधन की बचत करती है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। न्यायिक अधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से पैदल न्यायालय पहुंचना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है और इससे आमजन में भी सकारात्मक सोच विकसित होगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *