शासन सचिव (ऊर्जा विभाग), अध्यक्ष (डिस्कॉम्स, राजस्थान), प्रबन्ध निदेशक (जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड), अध्यक्ष (राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड) एवं जिला प्रभारी सचिव वरिष्ठ आईएएस आरती डोगरा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं, समर कंटिन्जेंसी प्लान, जल संचय-जन भागीदारी अभियान तथा वंदे गंगा अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, डीसीएफ डॉ. आर.एन. भाकर सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलक्टर ने हर योजना-कार्यक्रम में जिले की स्थिति को विस्तार से बताया।

बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की सभी बजट घोषणाओं की प्रभारी सचिव ने बारीकी से समीक्षा की। इसके तहत सेठ रंगलाल कोठारी राजकीय महाविद्यालय राजसमंद में स्नातकोत्तर स्तर पर रसायन शास्त्र, प्राणी शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, व्यावसायिक प्रशासन एवं ईएएफएम विषय प्रारंभ करने, बरार (भीम) में नवीन पुलिस चौकी खोलने, गिलूण्ड पुलिस चौकी को पुलिस थाने में क्रमोन्नत करने, जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने, नंदावट (भीम) सहित विभिन्न स्थानों पर 33/11 केवी जीएसएस निर्माण आदि घोषणाओं की प्रगति जानी।
इसी तरह रेलमगरा में जल देवी माता मंदिर से उपखंड मुख्यालय तक सड़क निर्माण, मचीद मुख्य गांव से धुनी तक सड़क एवं पुलिया मरम्मत, काबरी से जेतपुरा वाया सिमाल धनोली सड़क निर्माण, आमेट से आगरिया सड़क निर्माण, भोली खेड़ा से पाटिया खेड़ा राहा तक सड़क चौड़ीकरण, बनास नदी पर गोगाथला से माउ मार्ग पर कॉजवे निर्माण, अन्नपूर्णा माताजी मंदिर से दयाशाह किला तक रोप-वे निर्माण संबंधी घोषणाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

ऐसे ही मुखर्जी चौराहे से द्वारिकाधीश मंदिर तक एलिवेटेड अथवा रिंग रोड निर्माण हेतु फिजिबिलिटी स्टडी, नाथद्वारा में हैरिटेज वॉक-वे निर्माण, राणा पुंजा जनजाति खेल अकादमी स्थापना, भीम में खेल स्टेडियम निर्माण, उप जिला चिकित्सालय भीम में बेड क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 करने, नमो नर्सरी स्थापना, पंचायत समिति स्तर पर नमो वन विकसित करने, जिला स्तरीय नगरीय निकायों हेतु मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने तथा नवीन उपहार विक्रय केंद्र शुरू करने संबंधी घोषणाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।
योजनाओं में हर पात्र लाभान्वित हो:
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव डोगरा ने नवीन परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से लाभान्वित करने, कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं शहरी, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी ली गई। पंच गौरव योजना के अंतर्गत संचालित लखपति दीदी, सोलर दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी कार्यक्रमों की भी समीक्षा की।
बैठक में संशोधित वितरण क्षेत्र योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अटल प्रगति पथ सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, मिशन हरियालो राजस्थान, अमृत योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना तथा मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान की समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पेयजल-बिजली की शिकायतों का त्वरित समाधान हो:
अंत में प्रभारी सचिव डोगरा ने कहा कि सभी विभाग राज्य सरकार की मंशा अनुसार हर योजना और कार्यक्रम में प्रत्येक व्यक्ति को लाभान्वित करें, और जन समस्याओं का त्वरित समाधान करें। साथ ही निर्देश दिए कि पेयजल और बिजली आपूर्ति से जुड़े किसी भी काम में अनावश्यक देरी न हो तथा पेयजल-बिजली की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अवैध जल कनेक्शनों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि ग्रीष्म ऋतु में आमजन को पानी मिलने में कठिनाई न हो। पानी-बिजली से जुड़े विकास कार्यों पर पीएचईडी एवं एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंताओं से विस्तृत चर्चा की और जिले की स्थिति जानी। बैठक का संचालन सीईओ बैरवा ने किया।
