राजसमंद जिले की खमनोर तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी राहुल शर्मा को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी सेमा पटवार मंडल में कार्यरत था ओर उसके पास बड़ा भानुजा पटवार मंडल का अतिरिक्त प्रभार था।

एसीबी के अनुसार आरोपी ने एक नामांतरण खोलने की एवज में परिवादी से 7 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 5 हजार रुपए में तय हुआ। सत्यापन के दौरान आरोपी पहले ही 1 हजार रुपए ले चुका था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
टीम जब आरोपी के निवास पर पहुंची तो उसे कार्रवाई की भनक लग गई। इस दौरान उसने रिश्वत की राशि को टॉयलेट में फेंक दिया, लेकिन एसीबी अधिकारियों ने मौके से राशि बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
