राजसमंद जिला मुख्यालय पर आज ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत भक्ति, उत्साह और आस्था का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिलेभर से उमड़े हजारों गौभक्तों ने विशाल संकीर्तन रैली निकालकर गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की पुरजोर मांग उठाई। स्टेशन रोड स्थित कुमावत समाज नोहरा में महामंडलेश्वर ईश्वरानंद गिरी महाराज और महामंडलेश्वर सीतारामदास महाराज सहित अनेक संतों के पावन सानिध्य में एक विशाल धर्मसभा का आयोजन हुआ। धर्मसभा के पश्चात शुरू हुई यह संकीर्तन रैली लगभग 1 किलोमीटर लंबी थी, जिसमें मंदिर बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों की थाप, भगवा ध्वज और हाथों में तख्तियां लिए हजारों गौभक्त गाते-बजाते हुए चले।

राजस्थान गौ सेवा समिति के जिलाध्यक्ष जेठू सिंह राजपुरोहित और महामंत्री सुशील बड़ाला के नेतृत्व में बीते 2 महीनों से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए 5 लाख 51 हजार 650 हस्ताक्षरों के पत्रकों को डिजिटल सीडी के रूप में तैयार किया गया।

जिला कलक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, केंद्र में पृथक गौपालन मंत्रालय की स्थापना करने, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और गोबर-गोमूत्र के माध्यम से ग्रामीण रोजगार सृजन कर गौमाता को अर्थव्यवस्था से जोड़ने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। अर्जुन सोनी, जितेंद्र लड्ढा और मनीष पुरोहित सहित दर्जनों प्रचारकों और गौभक्तों के अथक प्रयास से आयोजित इस भव्य रैली ने पूरे राजसमंद शहर को गौ-भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
