राजसमंद में जनसेवा और संवाद के संकल्प के साथ राजसमन्द विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के कार्यालय पर “विकास और विश्वास सत्र” का आयोजन किया गया। इस सत्र में न केवल क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना गया, बल्कि अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के कड़े निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान राजसमंद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। इस बार जनसंवाद में जल संकट का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा। लोगों ने पुरानी पाइप लाइनों को बदलने, नई लाइनें बिछाने और हैंडपंप स्थापना जैसी मांगें रखीं।
जनता की बात सुनने के बाद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने जलदाय विभाग, विद्युत विभाग और सड़क विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित के इन कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पानी के साथ-साथ सड़क मरम्मत, बिजली पोल शिफ्टिंग और स्कूलों में नए कक्षा-कक्षों के निर्माण को प्राथमिकता पर रखने को कहा गया।
इसी सत्र के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाले गायरियावास (धोइन्दा) निवासी हिम्मत गायरी का सम्मान किया गया। हिम्मत ने IIT-JAM परीक्षा में पूरे भारत में 12वीं रैंक हासिल की है। विधायक ने उनकी पीठ थपथपाते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया।
राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बोलते हुए विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कमी की खबरों को महज एक अफवाह बताया।
विधायक का बयान:
देश और प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। रसोई गैस सिलेंडर की मात्रा कम करने की भी कोई योजना नहीं है। कांग्रेस का दुष्प्रचार तंत्र जनता के बीच अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है, नागरिक ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।”
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रधान अरविंद सिंह भाटी, पूर्व सभापति सुरेश पालीवाल, तहसीलदार, विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के सहायक अभियंताओं सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और सरपंच मौजूद रहे।
