राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजसमंद पहुंचे, जहां उन्होंने भिक्षु निलियम के सभागार में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति और चुनावी जीत का मूल मंत्र साझा किया।”

“कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित एक सशक्त संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जोर दिया कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता ही हैं, जो जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और पहचान को स्थापित करते हैं।”

“जीत का सबसे बड़ा आधार मजबूत बूथ संगठन होता है। यदि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा तो चुनावी सफलता निश्चित है। भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करता है।” मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को हर घर तक पहुंचाएं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि राजसमंद का प्रत्येक कार्यकर्ता दिए गए निर्देशों को बूथ स्तर तक पहुंचाएगा और आगामी चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से जुटेगा। बैठक में उदयपुर संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, संगठन प्रभारी नीरज जैन, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ और राजसमन्द विधायक दीप्ति माहेश्वरी सहित कई प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।”
