मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ भोजन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित अन्नपूर्णा रसोई जरूरतमंदों और आमजन के लिए सम्मानपूर्वक भरपेट भोजन उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनी हुई है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की इसी भावना को व्यक्तिगत स्तर पर जनसेवा से जोड़ते हुए बुधवार को राजसमंद उपखंड अधिकारी श्रीमती ओम प्रभा ने ग्राम पीपरड़ा स्थित अन्नपूर्णा रसोई में अनुकरणीय पहल की।
बुधवार, 30 सितंबर को परिवार में चतुर्थ तिथि का श्राद्ध होने के अवसर पर एसडीएम श्रीमती ओम प्रभा ने अन्नसेवा को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पीपरडा स्थित अन्नपूर्णा रसोई में दिनभर आए समस्त व्यक्तियों के भोजन का व्यय स्वयं वहन किया। उन्होंने श्राद्ध के पवित्र अवसर को सेवा और सहभागिता से जोड़ते हुए आमजन को भोजन कराने का संकल्प लिया।
एसडीएम की इस पहल ने आमजन के समक्ष सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया। कोई भी व्यक्ति अपने परिवार में सुख-दुःख, जन्मदिन, वर्षगांठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य अवसरों पर अन्नपूर्णा रसोई में आने वाले लोगों के भोजन का व्यय वहन कर इस जनसेवा में सहभागी बन सकता है। अन्नपूर्णा रसोई में भोजन की निर्धारित दर 8 रुपए प्रति थाली है। इच्छुक व्यक्ति भोजन के साथ अपनी पसंद के अनुसार अन्य पकवान अथवा खाद्य सामग्री का वितरण भी कर सकते हैं। राज्य सरकार ने श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना में जनसहभागिता का प्रावधान किया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से मात्र 8 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचाने के साथ ही सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी सुदृढ़ कर रही है।
