राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंदेसरकला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए विभिन्न सेवाएं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर 15 प्रॉपर्टी पार्सलों का निस्तारण किया गया। एक पेंशन स्वीकृत की गई तथा तीन व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। राजीविका के माध्यम से दो स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। कृषि विभाग द्वारा पांच मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा पांच बीज मिनी किट वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा एक बंटवारा, दस नामांतरण, ग्यारह शुद्धिपत्र तथा एक सीमाज्ञान प्रकरण का निस्तारण किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 25 पॉलिसियों का वितरण किया गया।
शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण, जन्म एवं मृत्यु पंजीयन, पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र नागरिकों से विभिन्न योजनाओं के लिए नए आवेदन भी प्राप्त किए गए।

उपखंड अधिकारी आकांक्षा दुबे ने शिविर का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शिविर में समाजसेवी अंबालाल जाट, तहसीलदार कालूसिंह राणा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी यशवंत जोशी, अतिरिक्त विकास अधिकारी राजेश जैन, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र चौधरी, प्रशासक कंवरलाल भील, ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार झांझड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
