राज्य सरकार के निर्देशानुसार बुधवार सुबह 8 बजे जिलेभर में विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना एवं मंगल कामना कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी क्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा सहित जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में चिन्हित मंदिरों में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।

जिला मुख्यालय पर राजनगर स्थित प्रभु श्री चारभुजानाथजी मंदिर (दाणी चबूतरा) में जिला कलक्टर श्री हसीजा ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुखद एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर एडीएम नरेश बुनकर, तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह, पीडबल्यूडी एसई आर एल मेहता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता उप निदेशक दीपेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक एवं स्थानीयजन उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना के दौरान कलक्टर, एसडीएम, तहसीलदार आदि ने राज्य की निरंतर प्रगति, समृद्धि तथा आमजन के कल्याण की कामना की। कलक्टर ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परम्पराएं समाज को एकता, सद्भाव एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनमानस में आध्यात्मिक चेतना का संचार भी करते हैं।
