राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राजसमंद आगमन पर उनका भावभीना स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिले में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण से राजसमंद के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। यह विकास कार्य विकसित राजसमंद के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होंगे।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान की डबल इंजन सरकार वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 330 खरब रुपये से अधिक के स्तर पर पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सुशासन, विकास और अंत्योदय को आधार बनाकर युवाओं को रोजगार, व्यापार में सुगमता, किसानों के कल्याण तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी निर्णय ले रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने वर्षों तक प्रदेश के विकास को बाधित किया, जबकि भाजपा सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन के माध्यम से विकास का नया इतिहास रच रही है। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान राष्ट्रवाद की विचारधारा को और सशक्त बनाते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।
