ब्रेकिंग

पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ में पुरुषोत्तम मास की धूम: रथ पर विराजे राजाधिराज, शयन में हुए फूल के रथ के दर्शन

395167-1

राजसमंद जिले के प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ प्रन्यास, श्री द्वारकाधीश मंदिर काँकरोली में इन दिनों अधिक ज्येष्ठ (पुरुषोत्तम मास) के तहत विशेष और भव्य दर्शनों की धूम मची हुई है। इसी कड़ी में कल मंदिर में विशेष रथयात्रा और फूल के रथ के मनोरथ का आयोजन किया गया, जिसमें दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

 

“आज माई रथ बैठे गिरधारी…” कुछ इसी भक्तिभाव के साथ काँकरोली के श्री द्वारकाधीश मंदिर में पुरुषोत्तम मास के विशेष दर्शन हो रहे हैं। कल, अधिक ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दूज के अवसर पर राजभोग दर्शन में प्रभु द्वारकाधीश जी को भव्य रथयात्रा और शयन दर्शन में अलौकिक ‘फूल का रथ’ के दर्शन करवाए गए।

सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। प्रातः 7:15 बजे मंगला के दर्शन खुले, जिसके बाद करीब 8:20 बजे श्रृंगार के मनमोहक दर्शन हुए। श्रृंगार दर्शन में प्रभु द्वारकाधीश को मस्तक पर श्वेत छोटी कुल्है, उस पर पांच चंद्रिका का जोड़, कारचोबी का चाकदार वाघा, लाल अतलस की सूथन और पीले ठाडे वस्त्र धारण करवाए गए। साथ ही प्रभु को हीरा, पन्ना और माणक के मिलमा आभरण और वनमाला के विशेष श्रृंगार से लाड़ लड़ाया गया।

राजभोग के दर्शन दोपहर करीब 12 बजे खुले। इस पावन अवसर पर राजाधिराज को 5 क्विंटल रसीले आमों का महाभोग लगाया गया। इसके साथ ही आमरस, दूधघर की सामग्रियां, फल-फूल, मोहनथाल और बूंदी का विशेष भोग भी अर्पित किया गया। राजभोग और शयन की विशेष सेवाएँ गोस्वामी 108 संजीव कुमार जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुईं। मंदिर के मुखिया, सहायक मुखिया, भीतरिया, झापटियां, कीर्तनकार और पखावज वादकों ने अपनी-अपनी रथयात्रा सेवाएँ प्रभु के चरणों में अर्पित कीं।

आज के विशेष मनोरथ (आगे की सूचना):

शयन दर्शन के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जहाँ भक्तों ने फूल के रथ में विराजे ठाकुर जी की छवि को अपनी आँखों में बसाया। मंदिर प्रशासन के अनुसार, आज मंगलवार (अधिक ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की तीज) को भी मंदिर में विशेष आयोजन होंगे। आज राजभोग दर्शन में प्रभु को भव्य ‘कांच का बंगला’ और शयन दर्शन में ‘गणगौर सवारी मनोरथ’ के अलौकिक दर्शन करवाए जाएंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *