राजसमंद में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन विभिन्न महत्वपूर्ण सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल की मौजूदगी में प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई, जिसमें संगठन के गौरवमयी इतिहास और राष्ट्र निर्माण के चित्रों को दिखाया गया था।

पहले सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम ने ‘देश के समक्ष चुनौतियाँ एवं उसके निदान’ विषय पर कहा कि वर्तमान में देश सामाजिक और सांस्कृतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के भ्रम और राष्ट्रविरोधी ताकतों का मुकाबला केवल भाजपा का समर्पित और संगठित कार्यकर्ता ही कर सकता है। इसके बाद ‘कार्य विस्तार’ सत्र में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि महिला शक्ति ही भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

तीसरे सत्र में चित्तौड़गढ़ सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी. पी. जोशी ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और पीएम आवास का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन और विकास पर आधारित है। अंतिम सत्रों में रमेश कंसारा ने ‘विचार परिवार’ पर प्रकाश डाला, वहीं समापन सत्र में जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने सभी का आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी और जिला प्रमुख रतनी देवी जाट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
