ब्रेकिंग

मैराथन वीसी बैठकों में कलक्टर ने दिए त्वरित समाधान और प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश

399561

राजसमन्द जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मंगलवार सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से मैराथन समीक्षा बैठकों का आयोजन कर सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों की मॉनिटरिंग के लिए संचालित आरएनएमएस पोर्टल, आदि कर्मयोगी अभियान तथा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित सभी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी वीसी कक्ष में मौजूद रहे और सभी उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े। 

सम्पर्क पोर्टल की समीक्षा के दौरान कलक्टर ने पीएचईडी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, एवीवीएनएल, कृषि सहित सभी विभागों को लंबित शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का केवल औपचारिक जवाब नहीं बल्कि प्रभावी समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर भेजे जाने वाले जवाब तथ्यपूर्ण, स्पष्ट एवं संतोषजनक हों ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी शिकायतों को संवेदनशीलता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।

आरएनएमएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों पर विभागवार चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि समाचारों में उठाए गए मुद्दों का हाथों-हाथ निस्तारण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याएं प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण फीडबैक होती हैं तथा इनके समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन एवं कार्य संस्कृति में सुधार के लिए प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में राज्य सरकार द्वारा 25 मई से 5 जून तक चलाए जाने वाले वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलक्टर ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जल संरक्षण के प्रति सामाजिक चेतना का महाअभियान है। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने तथा अभियान का सफल क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

 कलक्टर ने निर्देशित किया कि गंगा दशहरा पर प्रत्येक ग्राम में जल स्रोतों का पूजन करवाया जाए तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से घर-घर पीले चावल देकर आमंत्रण दिया जाए। उन्होंने जल संग्रहण संरचनाओं पर जल पूजन, कलश यात्रा, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा निर्मित एवं प्रस्तावित जल संरचनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करवाने को कहा।

उन्होंने भामाशाहों एवं उद्यमियों के सहयोग से पक्षियों के लिए परिण्डे बांधने तथा तुलसी पौधों के वितरण के निर्देश भी दिए। अमृत सरोवर, तालाब, बावड़ियों एवं पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई कर एकल उपयोग प्लास्टिक एवं जलकुंभी हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर के राजकीय परिसरों की साफ-सफाई, महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण, पेयजल टंकियों की सफाई, खराब हैंडपंपों एवं पेयजल लाइनों की मरम्मत तथा विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य मिशन मोड में करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने मिशन हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण के लिए गड्ढे खुदवाने, जल संरक्षण कार्यों को स्वीकृत करवाने तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी प्रदान किए।

पेयजल सप्लाई को लेकर रहें गंभीर:

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल एवं जलापूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत में लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जल संकट, खराब हैंडपंप, लीकेज, कम दबाव अथवा टैंकर आपूर्ति जैसी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। कलक्टर ने कहा कि शिकायतों के समाधान में देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *