ब्रेकिंग

सावधान! आपकी रसोई तक पहुंच रही थी ‘जहरीली सौंफ’; राजनगर पुलिस और DSB की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली का मुख्य आरोपी फरार

413320

आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ राजसमंद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में राजनगर थाना पुलिस और डीएसबी (DSB) टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पीपरडा भट्ठा के पास चल रही एक अवैध नकली सौंफ बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मिलावटी सौंफ और इसे बनाने की सामग्री जब्त की है।

कैसे बनती थी ‘जहरीली सौंफ’?

पुलिस की छापेमारी में जो खुलासा हुआ है, वह बेहद चौंकाने वाला है। फैक्ट्री के अंदर सौंफ के भूसे, सोप स्टोन पाउडर और गुड़ से बने ‘काकब सुरा’ (एक प्रकार का सिरा) को मशीनों के जरिए आपस में मिक्स किया जाता था। इसके बाद इसे बिल्कुल असली सौंफ जैसा रूप देकर प्लास्टिक के कट्टों में पैक कर दिया जाता था। विशेषज्ञों के अनुसार, इसमें मिलाया जाने वाला सोपस्टोन पाउडर मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक और जानलेवा है।

493 कट्टे माल जब्त, दिल्ली भेजा जाना था स्टॉक

मौके पर पहुंची पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) प्रेमचंद शर्मा की टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मिलावटी सौंफ के सैंपल लिए। पुलिस ने करीब 50-50 किलोग्राम के 493 कट्टे (कुल वजन लगभग 24,650 किलोग्राम) नकली सौंफ, भारी मात्रा में सोपस्टोन पाउडर और केमिकल जब्त किया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह पूरा अवैध कारोबार दिल्ली के बुद्ध विहार निवासी बागेश गुप्ता द्वारा चलाया जा रहा था और यह पूरा माल दिल्ली सप्लाई होना था।

फैक्ट्री का मैनेजर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से फैक्ट्री की देखरेख करने वाले आरोपी अमित अवस्थी (उम्र 33 वर्ष, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमित को 30,000 रुपये मासिक सैलरी पर यहां रखा गया था। राजनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने और मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी बागेश गुप्ता की तलाश में जुट गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *