उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के इकोसिस्टम को ध्वस्त करने एवं इसके तंत्र को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से 15 फरवरी 2026 से उदयपुर रेंज स्तर पर संचालित बहुआयामी एवं बहुप्रतीक्षित “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत जिला राजसमंद पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत अब तक कुल 29 प्रकरण दर्ज कर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान अफीम, अफीम के पौधे, डोडाचूरा, एमडी ड्रग्स, गांजा, चरस एवं स्मैक सहित विभिन्न प्रकार के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। साथ ही अपराध में प्रयुक्त 12 अत्याधुनिक कारें एवं 4 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 पिस्टल, 14 कारतूस एवं 2 खाली मैगजीन सहित अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा प्रकरणों में केवल तस्करों ही नहीं, बल्कि मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क से जुड़े सहयोगियों, आश्रयदाताओं, वाहन उपलब्ध कराने वालों, वाहन चालकों, वाहन स्वामियों, ड्रग्स पेडलर्स, ड्रग्स सिंडिकेट्स, हथियार उपलब्ध कराने वालों, फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने वालों, सिम उपलब्ध कराने वालों तथा आर्थिक सहयोग देने वालों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत गहन अनुसंधान कर कार्रवाई की जा रही है।
7 करोड़ से अधिक बाजार मूल्य के मादक पदार्थ जब्त:
आंकड़ों को देखें तो जिले में अब तक लगभग 7 करोड़ 10 लाख 71 हजार 300 रुपए बाजार मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे मादक पदार्थों के अपराधियों के विरुद्ध गोपनीय एवं निर्भीकतापूर्वक सूचना उपलब्ध कराएं। इसके लिए जिला पुलिस द्वारा नार्को टिप हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 8764854070 जारी किया गया है, जिस पर प्राप्त सूचनाओं पर पुलिस अधीक्षक के निकटतम पर्यवेक्षण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी की अपील: नार्कोटिप हेल्पलाइन पर सूचना दें:
पुलिस ने विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों, स्कूलों, कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी के आसपास नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक एवं आमजन किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नार्को टिप हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 8764854070 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं पता पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
