ब्रेकिंग

राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी का जिला चिकित्सालय एवं ऐतिहासिक खांडी बावड़ी का औचक निरीक्षण — जनसेवा और विरासत संरक्षण की दिशा में ठोस पहल

451757

राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजकीय जिला चिकित्सालय राजसमंद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जांच रिपोर्ट की उपलब्धता, निःशुल्क पार्किंग व्यवस्था, आउटडोर में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, अनुपस्थित चिकित्सकों की सूचना प्रदर्शन और परिसर में पुलिस कर्मी की तैनाती जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों का संज्ञान लिया। विधायक दीप्ति ने आउटडोर विभाग में रोगियों को टोकन व्यवस्था के माध्यम से सेवा देने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि मरीजों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा मिल सके।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि पूर्व में किए गए औचक निरीक्षणों का सकारात्मक प्रभाव परिलक्षित हो रहा है और चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया तथा वहाँ भर्ती रोगियों से प्रत्यक्ष संवाद कर औषधियों की उपलब्धता, स्वच्छता की स्थिति एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। नर्सिंग अधीक्षक नानालाल कुमावत और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश रजत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसी क्रम में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजसमंद नगर के धोइन्दा क्षेत्र में बस स्टैण्ड के समीप स्थित ऐतिहासिक जलस्रोत खांडी बावड़ी का निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह बावड़ी हमारी ऐतिहासिक विरासत और जल संरक्षण की गौरवशाली परंपरा का जीवंत प्रतीक है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, संरक्षण एवं जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बावड़ी परिसर को अतिक्रमण एवं गंदगी से मुक्त किया जाए तथा मूल ऐतिहासिक संरचना को सुरक्षित रखते हुए मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के अंतर्गत जीर्णोद्धार कार्य का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजकर शीघ्र स्वीकृति प्राप्त की जाए। उन्होंने कहा कि खांडी बावड़ी के पुनरोद्धार से न केवल इसकी ऐतिहासिक गरिमा पुनर्स्थापित होगी, बल्कि जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता भी बढ़ेगी।

निरीक्षण के अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मण्डल पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने स्पष्ट किया कि जन स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति वे सदैव प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *