10 जून 2026 को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 से आरंभ हुए अपने निरंतर कार्यकाल के साथ, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सर्वाधिक लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधान सेवक बनने का कीर्तिमान स्थापित किया है। राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भारत की 140 करोड़ जनता के अटूट विश्वास और लोकतंत्र की शक्ति का प्रमाण है।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि मोदी सरकार के इन 12 वर्षों की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है — नक्सलवाद और वामपंथी हिंसा से देश की मुक्ति। एक समय था जब लगभग एक-तिहाई भारत में लाल गलियारे का भय व्याप्त था और राष्ट्र की एकता एवं संप्रभुता को सीधी चुनौती दी जा रही थी। इस सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से वह नक्सली परितंत्र ध्वस्त कर दिया गया है, जिसने दशकों तक आदिवासी अंचलों में विकास को अवरुद्ध किया था।

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के विरुद्ध मोदी सरकार ने जो कड़ी और निर्णायक कार्यवाही की है, वह भारत की सुरक्षा नीति में एक ऐतिहासिक परिवर्तन को दर्शाती है। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक — आतंकी ठिकानों को उन्हीं की धरती पर जाकर नष्ट करके भारत ने समस्त विश्व को यह संदेश दे दिया है कि अब आतंकवाद को किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही अनुच्छेद 370 और 35-ए को हटाकर जम्मू-कश्मीर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना मोदी सरकार की एक ऐसी ऐतिहासिक पहल है, जिसे दशकों से अधूरा छोड़ा गया था।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्र सुरक्षा को एक साथ साधकर सुशासन का एक नया आदर्श देश के सामने रखा है। अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर गरीब, वंचित एवं पिछड़े वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना और उसके साथ-साथ देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना — यही ‘नए भारत’ की पहचान है। राजसमंद विधानसभा की जनता की ओर से उन्होंने प्रधानमंत्री को इस कीर्तिमान के लिए शुभकामनाएँ दी और संकल्प व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में राष्ट्रहित के हर अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
