ब्रेकिंग

नारी चौपाल में महिलाओं को हाथों-हाथ मिले विभिन्न योजनाओं के चेक

483729

राज्य सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम गांधी सेवा सदन, राजसमन्द में आयोजित हुआ, जिसमें जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए।

कार्यक्रम में राजीविका की लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, कृषि दीदी, सोलर सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, सहायिकाएं, आशा सहयोगिनी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी निभाई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक रश्मि कौशिक ने बताया कि कलक्टर ने मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बालिकाओं की माताओं को प्रथम किश्त के रूप में 2500-2500 रुपये के चेक वितरित किए। लाभान्वित महिलाओं में कृष्णा, उत्तम, रेखा सिंह, मीना पायक, रुचि शर्मा, मोनिका शर्मा सहित अन्य लाभार्थी शामिल रहे। इसी प्रकार मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत भारती व्यास को स्वरोजगार गतिविधि के लिए 9 लाख 94 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। इस पर लाभार्थी को 2 लाख 38 हजार रुपये की अनुदान सहायता राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पांच महिलाओं को सांकेतिक रूप से पोषण संवर्धन के उद्देश्य से न्यूट्री किट भी वितरित की गईं। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय समावेशन, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।

कलक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। महिला सशक्तीकरण केवल एक सामाजिक आवश्यकता नहीं बल्कि विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आज उद्यमिता, कृषि, वित्तीय प्रबंधन तथा विभिन्न नवाचारों में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अन्य महिलाओं को भी इनके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजीविका तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महिलाओं ने योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों के प्रति विश्वास व्यक्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *