ब्रेकिंग

कांकरोली द्वारकाधीश मंदिर में भव्य ‘व्रजकमल मनोरथ’, दर्शनों के लिए उमड़ा जनसैलाब

496660

श्री पुष्टिमार्गीय तृतीय पीठ कांकरोली के श्री द्वारकाधीश मंदिर में इन दिनों पुरुषोत्तम मास की धूम है। पीठाधीश्वर गोस्वामी 108 श्री वागीश कुमार जी महाराज और युवराज श्री वैदांतकुमारजी के सानिध्य में मंदिर के रतन चौक में भव्य ‘व्रजकमल मनोरथ’ का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े।

इस विशेष अवसर पर राजभोग दर्शन में प्रभु को गुलाबी मीना के मुकुट-आभरण और गुलाबी काछनी-पीताम्बर से श्रृंगारित किया गया। वहीं, शयन दर्शन में तीन दिनों की तैयारी के बाद पूरे रतन चौक को साक्षात ब्रजधाम का रूप दिया गया।

पुष्टि सम्प्रदाय की 56 बैठकों के प्रतीक स्वरूप, कुल 56 कमलों की पाखुंडियों से प्रभु के सम्मुख ‘व्रजकमल’ खिलाया गया, जिसकी प्रत्येक पत्ती पर प्रभु का प्रसाद रखा गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार व्रजकमल का खिलना मनोकामना पूर्ति का प्रतीक माना जाता है।

मनोरथ के दौरान चारों ओर केले व आशापाल के पेड़, जल-फव्वारे, पिछवाई और गिरिराज पर्वत सजाए गए। पीठाधीश्वर श्री वागीश कुमार जी महाराज ने व्रजकमल की भव्य आरती उतारी, जिसमें मंदिर के मुखिया, भीतरिया और कीर्तनकारों ने अपनी सेवाएं दीं।

मुख्य समाधानी राजकुमार गोरवा ने बताया कि रविवार को राजभोग में ‘कुंज में फूल का बंगला’ और शयन दर्शन में ‘गिरिकन्दरा मनोरथ’ के दर्शन होंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *