12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजसमंद झील स्थित नो चौकी पाल पर आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने सहभागिता कर नागरिकों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजन एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि आज योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का विश्वव्यापी आंदोलन बन चुका है। योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने भारत की ज्ञान परंपरा को विश्व पटल पर नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि योगासन मन, शरीर और आत्मा के मध्य सामंजस्य स्थापित कर जीवन में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं सकारात्मकता का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों के बीच योग हमें निरोगी, सक्रिय और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। मोदी सरकार भारतीय ज्ञान, संस्कृति और जीवन मूल्यों को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने का कार्य कर रही है।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि “करें योग, रहें निरोग” के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाएं।
