विधायक जनसुनवाई केंद्र में वणाई ग्राम पंचायत के ग्रामीणों और क्षेत्र के नागरिकों से जनसंवाद करते हुए विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास, जन विश्वास और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रदेश अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि पचपदरा में तेल शोधन संयंत्र का उद्घाटन, हरियाणा सरकार के साथ यमुना जल वितरण समझौता तथा प्रदेशभर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण प्रदेश की प्रगति और डबल इंजन सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का जीवंत उदाहरण है।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित को सर्वोपरि मानकर हर क्षेत्र के समग्र उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है।

जनसंवाद के दौरान विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर विभिन्न मामलों के शीघ्र, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
