नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला परिषद सभागार, राजसमंद में पुलिस, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त राजसमंद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के समस्त पीईईओ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों तक सही संदेश पहुंचाकर नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरण अभियान चलाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित पीईईओ से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में नियमित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा “नशा मुक्त राजसमंद” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं।
पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने कहा कि नशे के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान को भी निरंतर गति दे रहा है।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और शिक्षक समाज में सकारात्मक परिवर्तन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी पीईईओ से विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, शपथ, संवाद एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान नशे के दुष्प्रभावों, रोकथाम एवं जनसहभागिता पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित सभी पीईईओ ने अपने-अपने विद्यालयों में नशा मुक्ति की अलख जगाने तथा विद्यार्थियों एवं समाज को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ग्रहण कर नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
