ब्रेकिंग

कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश

585876

जिले में कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर की अध्यक्षता में विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति, जिला स्तरीय निगरानी समिति (फसल बीमा), जिला क्रियान्वयन समिति (तिलहन), जिला स्तरीय तिलहन मिशन तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठकें भी संपन्न हुईं। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने, किसानों को आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य फसल सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए अधिकाधिक किसानों को इन योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

बैठक में तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने को कहा गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाने, क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों के समाधान तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *