ब्रेकिंग

पीपली डोडियान में घूमन्तु समुदाय के 12 बंजारा परिवारों को मिले आवासीय पट्टे

592384

ग्राम पंचायत पीपली डोडियान के राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों को प्रदान किया गया। शिविर में प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए विभिन्न विभागों की सेवाएं आमजन तक पहुंचाई गईं। शिविर की विशेष उपलब्धि के रूप में घूमन्तु समुदाय के 12 बंजारा परिवारों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया, जिससे उन्हें स्थायी आवास एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण संबल मिला।

शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 3 पेंशन प्रकरण स्वीकृत किए गए तथा 4 शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। राजीविका के माध्यम से 2 स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग द्वारा 5 मिनी किट वितरित किए गए। राजस्व विभाग ने 2 बंटवारा, 6 नामांतरण, 12 शुद्धिपत्र, 4 सीमाज्ञान तथा 4 रास्ता संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया। पशुपालन विभाग द्वारा 4 मंगला पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। इसके अलावा जन्म-मृत्यु पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेयजल संबंधी समस्याओं सहित अन्य विभागीय कार्यों का भी समाधान किया गया तथा पात्र नागरिकों से नए आवेदन प्राप्त किए गए।

शिविर प्रभारी ने ग्रामीणों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीण सेवा शिविरों का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है।

सामाजिक कार्यकर्ता पारस बंजारा ने कहा कि घुमन्तु, अर्द्धघुमन्तु एवं विमुक्त समुदाय के परिवारों को आवासीय पट्टे प्रदान करने की पहल सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल भूमि का अधिकार नहीं, बल्कि वर्षों से पहचान, सम्मान एवं स्थायी जीवन की तलाश कर रहे परिवारों के लिए गरिमापूर्ण जीवन की नई शुरुआत है।

शिविर में तहसीलदार कालू सिंह राणा, पूर्व जिला प्रमुख नन्दलाल सिंघवी, समाजसेवी अम्बालाल जाट, रमेश टांक, गिरीराज सोनी, मोहनलाल अहीर, अतिरिक्त विकास अधिकारी राजेश जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र चौधरी, प्रशासक संतोकी देवी प्रजापत, ग्राम विकास अधिकारी रवि कुमार बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *