जिला परिषद राजसमंद द्वारा सरकारी कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से सेतु – नेशनल सोशल प्रोटेक्शन कोएलिशन के सहयोग से जिले में सामाजिक सुरक्षा संतृप्ति पहल का शुभारंभ किया गया। इस संबंध में गुरुवार को जिला परिषद के सभागार में जिला स्तरीय योजना कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, नागरिक समाज संगठनों तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ के विजन तथा राज्य सरकार की समावेशी एवं नागरिक-केंद्रित सुशासन की अवधारणा के अनुरूप सभी पात्र परिवारों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की सार्वभौमिक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर समन्वित कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा संतृप्ति पहल का शुभारंभ करते हुए कहा कि अभिसरण आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिलाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यशाला में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, श्रम, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों ने सहभागिता की। समूह चर्चा एवं कार्य सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों ने प्राथमिकता वाले भौगोलिक क्षेत्रों, वंचित एवं संवेदनशील समुदायों, प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सामुदायिक सुविधा तंत्र, निगरानी व्यवस्था तथा विभागीय अभिसरण के प्रभावी तंत्र पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। साथ ही योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध रूप से लाभान्वित करने की रणनीति भी तैयार की गई।

कार्यशाला में बताया गया कि यह पहल जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक साझा कार्यान्वयन ढांचा विकसित करेगी, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस पहल को पूर्ण समर्थन प्रदान करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के समन्वित सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस पहल के प्रभावी संचालन, नियमित समीक्षा एवं विभिन्न विभागों के मध्य सतत समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स अभियान की प्रगति की निगरानी करते हुए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समन्वय सुनिश्चित करेगी। कार्यशाला में विश्वास व्यक्त किया गया कि राजसमंद में विकसित यह मॉडल सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा तथा भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी उपयोगी अनुभव प्रदान करेगा।
