ब्रेकिंग

राजसमन्द विधायक दीप्ति माहेश्वरी के हाथों लाखों के विकास कार्यों की सौगात, शिविर में आमजन को राहत भी

673521

नगर परिषद राजसमंद क्षेत्र के सनवाड़ एवं हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास तथा शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में राजसमंद विधायक श्रीमती दीप्ति किरण माहेश्वरी ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती माहेश्वरी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर आमजन को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता एवं सुनियोजित विकास के माध्यम से राजसमंद को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के द्वारका नगर एवं गोविंद नगर में विधायक विकास निधि तथा नगर परिषद के सहयोग से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें विधायक विकास निधि से 10 लाख रुपये की लागत से द्वारिका नगर में प्रथम तल पर हॉल निर्माण, नगर परिषद द्वारा 21.50 लाख रुपये की लागत से द्वारका नगर में उद्यान विकास तथा 10 लाख रुपये की लागत से गोविंद नगर में उद्यान विकास कार्य शामिल हैं। विधायक ने कहा कि इन सुविधाओं से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

सनवाड़ क्षेत्र में भी अनेक जनहितकारी विकास कार्यों का लोकार्पण एवं उद्घाटन किया गया। इनमें विधायक विकास निधि से श्री भवानी माताजी मंदिर परिसर में 5 लाख रुपये की लागत से सराय विस्तार कार्य, नगर परिषद द्वारा 17 लाख रुपये की लागत से सहकारी समिति से आर.के. विद्यालय तक नाला निर्माण, 5 लाख रुपये की लागत से पनघट निर्माण एवं स्थापना, डीएमएफटी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 30 लाख रुपये की लागत से धोलीखान रोड पर सड़क एवं सीसी रोड निर्माण, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) का शुभारंभ तथा डीएमएफटी योजना के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, दो शौचालय एवं चारदीवारी निर्माण कार्य शामिल रहे। विधायक ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं आधारभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया गया। विधायक श्रीमती माहेश्वरी ने क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति एवं युवाओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से राजसमंद विकास के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त विजयेश मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी मौजूद रहे। 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *