एनकॉर्ड के तहत जिला प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नाथद्वारा क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के साथ जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन, सुरक्षा एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्री हेमन्त कलाल ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र, ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा तथा “यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स” अभियान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और जागरूकता ही स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज की आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जिला पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया।

शिक्षा विभाग की ओर से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह चारण ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों को अपनाने, अनुशासित जीवन जीने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को 8 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शिप्रा ने विशेष रूप से बालिकाओं एवं विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सुरक्षा जागरूकता तथा जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
